Home Haryana राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा दौरे पर, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में राफेल...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा दौरे पर, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में राफेल तकनीक का करेंगी निरीक्षण; सुरक्षा के तहत क्षेत्र नो-ड्रोन जोन घोषित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा दौरे पर, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में राफेल तकनीक का करेंगी निरीक्षण; सुरक्षा के तहत क्षेत्र नो-ड्रोन जोन घोषित

29 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार सुबह अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगी, जहां वे भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति यहां राफेल फाइटर जेट की तकनीक और उससे जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी लेंगी। संभावना यह भी जताई जा रही है कि वे राफेल विमान से अंबाला का एक संक्षिप्त हवाई निरीक्षण दौरा भी कर सकती हैं।

राष्ट्रपति सुबह दिल्ली से अपने विशेष विमान द्वारा उड़ान भरेंगी और लगभग एक घंटे में अंबाला पहुंचेंगी। एयरफोर्स स्टेशन पर उनके स्वागत में गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद वह अधिकारियों को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम दोपहर करीब 12:30 बजे तक समाप्त हो जाएगा। सुरक्षा कारणों से समारोह में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इस मौके पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी मौजूद रह सकते हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और वायुसेना अधिकारियों ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें प्रशासन की ओर से अस्थायी पहचान पत्र (आई कार्ड) जारी किए गए हैं।

राष्ट्रपति के आगमन से एक दिन पहले ही सभी विभागों के अधिकारियों ने एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचकर रिहर्सल की और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के तहत कैंट क्षेत्र में कैपिटल चौक से एयरफोर्स स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग को बैरिकेडिंग लगाकर एक दिशा से बंद कर दिया गया है।