28 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: चॉकलेट बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर किसी की पसंदीदा मिठाई होती है। केक, पेस्ट्री, बिस्किट, आइसक्रीम या मिठाइयों में इसका इस्तेमाल स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। किसी बच्चे को खुश करना हो या किसी को मनाना हो, चॉकलेट हमेशा काम आती है। लेकिन अगर आप बाजार की चॉकलेट में मौजूद शुगर और प्रिजर्वेटिव्स से बचना चाहते हैं, तो इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।
हर साल 28 अक्टूबर को नेशनल चॉकलेट डे मनाया जाता है। इसका उद्देश्य चॉकलेट के इतिहास और दुनिया भर में इसके विकास को सम्मान देना है। आज डार्क, मिल्क और व्हाइट चॉकलेट जैसे कई वैरिएंट मौजूद हैं, जिनका स्वाद और टेक्सचर अलग होता है।
अगर आपके बच्चे या परिवार के सदस्य चॉकलेट बहुत खाते हैं, तो बाजार से खरीदने के बजाय घर पर हेल्दी तरीके से बनाना बेहतर विकल्प है। इससे न सिर्फ स्वाद बरकरार रहेगा बल्कि सेहत का भी ख्याल रखा जा सकता है।
🍫 तरीका 1: खजूर और बादाम से बनी हेल्दी चॉकलेट
सामग्री:
15–18 बिना बीज के खजूर
40 भीगे हुए बादाम
¼ कप सफेद चॉकलेट
15–18 मिक्स ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, पिस्ता)
200 ग्राम पिघली हुई डार्क या मिल्क चॉकलेट
विधि:
भीगे बादामों को पीसकर दरदरा पेस्ट बना लें और उसमें सफेद चॉकलेट मिलाकर मुलायम पेस्ट तैयार करें। अब खजूर में यह पेस्ट भरें, चाहें तो बीच में अखरोट का टुकड़ा भी डाल सकते हैं। इसके बाद इन्हें पिघली हुई चॉकलेट में डुबोकर पूरी तरह कवर करें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स या गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं। इसे फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें।
🍫 तरीका 2: कोको पाउडर और गुड़ से बनी एनर्जी चॉकलेट
सामग्री:
पिघला हुआ गुड़
2 चम्मच कोको पाउडर
2 चम्मच मक्खन
बारीक कटे अखरोट, बादाम, बीज और किशमिश
विधि:
सभी चीजों को एक बाउल में अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण को चॉकलेट के सांचे में डालकर 7–8 घंटे के लिए फ्रिज में रखें। सेट होने के बाद इसे काटकर सर्व करें।
इन दोनों तरीकों से बनी चॉकलेट न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि मार्केट वाली चॉकलेट से कहीं ज्यादा हेल्दी भी होती है। आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें ड्राई फ्रूट्स, गुड़ या खजूर की मात्रा घटा-बढ़ा सकते हैं। खजूर में प्राकृतिक शुगर होती है, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए फायदेमंद है।













