28 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: भारत के बड़े त्रि-सेवा सैन्य अभ्यास ‘एक्स त्रिशूल’ (Ex Trishul) की तैयारियों ने पाकिस्तान में हलचल मचा दी है। भारत की इस व्यापक सैन्य गतिविधि से घबराकर पाकिस्तान ने 28 से 29 अक्टूबर तक अपने कई हवाई मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। इसके लिए पाकिस्तान ने NOTAM (Notice to Air Missions) जारी किया है, जो इस्लामाबाद, लाहौर, रहिम यार खान और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास के क्षेत्रों में लागू रहेगा। बताया जा रहा है कि यह कदम भारत के आने वाले त्रि-सेवा युद्धाभ्यास से पहले उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस्लामाबाद और अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में यह नोटम 28 अक्तूबर सुबह 7:00 UTC से 29 अक्तूबर 10:00 UTC तक रहेगा, जबकि लाहौर क्षेत्र में 28 अक्तूबर 00:01 UTC से 29 अक्तूबर 04:00 UTC तक प्रभावी रहेगा। यह पाकिस्तान द्वारा जारी किया गया दूसरा NOTAM है, जिससे उसकी सतर्कता और चिंतित रुख का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं भारत ने 30 अक्टूबर से 10 नवंबर 2025 तक अरब सागर में 28,000 फीट तक के हवाई क्षेत्र को इस संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए आरक्षित किया है। इस अभ्यास में भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना एक साथ भाग लेंगी। ‘एक्स त्रिशूल’ का उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच बेहतर संयुक्त संचालन, बहु-क्षेत्रीय अंतरसंचालन और युद्ध तैयारियों का परीक्षण करना है। विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान का यह कदम भारत की रक्षा तैयारियों को लेकर उसकी घबराहट को दर्शाता है, जबकि भारत का यह अभ्यास क्षेत्रीय सुरक्षा और सामरिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।













