01 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देशभर में घटेगा टोल टैक्स, एनएचएआई ने नए फार्मूले से दरें तय करने दिए निर्देश; छोटी गाड़ियों को मिलेगी राहत
वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। देशभर में टोल टैक्स कम करने की तैयारी चल रही है और अगले हफ्ते से नई दरें लागू हो सकती हैं। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को नए फार्मूले के आधार पर टोल दरें तय करने के निर्देश जारी किए हैं।
नई गणना का आधार
अब तक टोल दरें वर्ष 2004-05 को आधार मानकर तय की जाती थीं, लेकिन अब एनएचएआई ने 2011-12 को आधार वर्ष मानकर नई दरें प्रस्तावित करने को कहा है। इससे महंगाई दर का लिंकिंग फैक्टर कम हो गया है।
2004-05 के आधार पर लिंकिंग फैक्टर: 1.641
2011-12 के आधार पर लिंकिंग फैक्टर: 1.561
इस बदलाव के चलते टोल दरों में कमी आना तय माना जा रहा है।
छोटी गाड़ियों को सीधी राहत
अनुमान है कि नई दरों से छोटी गाड़ियों के टोल में 5 से 10 रुपये तक की कमी हो सकती है। इसके अलावा 1 अप्रैल 2025 को टोल दरों में की गई बढ़ोतरी भी वापस हो सकती है, जिससे दरें पिछले साल जैसी रह जाएंगी।
टोल वसूली का आंकड़ा
देशभर में एनएचएआई के अधीन 1.5 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों पर 1,087 टोल प्लाजा हैं।
इनसे हर साल लगभग 61 हजार करोड़ रुपये की वसूली होती है।
रोजाना औसतन 168 करोड़ रुपये टोल शुल्क लिया जाता है।
हरियाणा में 55 टोल प्लाजा से रोजाना करीब 9 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है।













