अफगानिस्तान से विमान के पहिए के पास बैठकर दिल्ली पहुंचे युवक की कहानी: क्यों आया था और अब कहां है?

अफगानिस्तान से विमान के पहिए के पास बैठकर

23 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: अफगानिस्तान से दिल्ली विमान के पहिए में बैठकर आया 13 वर्षीय लड़का, पूछताछ के बाद वापस भेजा गया
दिल्ली एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार को काबुल से आई केएएम एयर की फ्लाइट (RQ4401) में एक 13 वर्षीय अफगान लड़का विमान के पिछले पहिए के पास बैठकर दिल्ली पहुंच गया। करीब 94 मिनट तक हवा में सफर करने के बाद जब विमान दिल्ली में लैंड हुआ तो वह प्लेन के पास घूमता नजर आया। इसके बाद एयरलाइन कर्मियों ने उसे पकड़कर CISF को सौंप दिया।

पूछताछ में क्या बोला लड़का?
पूछताछ में लड़के ने बताया कि वह अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का रहने वाला है। वह काबुल एयरपोर्ट में किसी तरह घुस गया और जिज्ञासा के कारण विमान के लैंडिंग गियर डिब्बे में छिप गया। उसने यह खतरनाक सफर सिर्फ उत्सुकता के चलते किया।

कहां गया लड़का?
पूछताछ पूरी होने के बाद लड़के को उसी फ्लाइट से दोपहर लगभग 12:30 बजे वापस काबुल भेज दिया गया। विमान की सुरक्षा जांच में एक छोटा लाल रंग का स्पीकर भी बरामद हुआ, जो संभवतः उसी लड़के का था। जांच के बाद विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

कितना खतरनाक है ‘व्हील-वेल स्टोवेज’
विमान के पहिए में बैठकर सफर करने को व्हील-वेल स्टोवेज कहा जाता है। इसमें जान का खतरा बहुत अधिक होता है क्योंकि ऊंचाई पर कड़ी ठंड और ऑक्सीजन की कमी होती है।
जनवरी 2024 में डोमिनिकन रिपब्लिक से फ्लोरिडा गई एक फ्लाइट में लैंडिंग गियर से दो शव बरामद हुए थे।
2021 में ग्वाटेमाला का एक व्यक्ति मियामी फ्लाइट के दौरान कई घंटे व्हील वेल में छिपा रहा और चमत्कारिक रूप से बच गया।

👉 यह घटना फिर साबित करती है कि इस तरह का प्रयास जानलेवा हो सकता है, भले ही यह लड़का किसी तरह जिंदा बच गया।