बाढ़ राहत पर नाराजगी: मांगे 13 हजार करोड़, केंद्र ने मंजूर किए सिर्फ 1,600 करोड़

बाढ़ राहत पर नाराजगी: मांगे 13 हजार करोड़, केंद्र ने मंजूर किए सिर्फ 1,600 करोड़

10 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: बाढ़ राहत पैकेज पर पंजाब सरकार की नाराजगी, 13 हजार करोड़ की मांग के बदले केंद्र ने दिए 1,600 करोड़
पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को 1,600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने का एलान किया है। अपने पंजाब दौरे के दौरान पीएम ने यह घोषणा की, लेकिन राज्य सरकार इस पैकेज से संतुष्ट नहीं है।
पंजाब सरकार का कहना है कि उसने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर 13 हजार करोड़ रुपये की प्रारंभिक रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी थी। उम्मीद की जा रही थी कि प्रधानमंत्री उसी रिपोर्ट के आधार पर राहत पैकेज की घोषणा करेंगे। राज्य सरकार ने सिर्फ फसल नुकसान के लिए 1,900 करोड़ रुपये की तत्काल मांग की थी, जो पूरी नहीं हुई।

नुकसान का ब्योरा
कृषि क्षेत्र: 4.56 लाख एकड़ फसल बाढ़ से प्रभावित, 1,900 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया।
ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर: 5,400 करोड़ का नुकसान, जिसमें लिंक रोड और ड्रेनेज सिस्टम बुरी तरह प्रभावित।
लोक निर्माण विभाग: 1,990 करोड़ का नुकसान, 1,200 से ज्यादा सड़कें टूटीं।
स्वास्थ्य ढांचा: 780 करोड़ का नुकसान।
मंडी बोर्ड: 900 करोड़ रुपये की क्षति, मंडियों और प्रमुख सड़कों पर असर।
शिक्षा विभाग: 540 करोड़ का नुकसान, कई स्कूल इमारतें प्रभावित।

अन्य विभाग: बिजली विभाग (100 करोड़), पशुपालन (105 करोड़), उच्च शिक्षा (10 करोड़), स्थानीय निकाय (7 करोड़), खाद्य आपूर्ति (6 करोड़), जल आपूर्ति व स्वच्छता (6 करोड़), वन एवं वन्यजीव विभाग (4 करोड़)।
सबसे ज्यादा नुकसान अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, पठानकोट और कपूरथला जिलों में हुआ है।