प्रधानमंत्री मोदी ने बताया शुभांशु से मुलाकात में क्या हुई खास बात

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया शुभांशु से मुलाकात में क्या हुई खास बात

19 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: पीएम मोदी और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की खास मुलाकात, गगनयान मिशन पर हुई लंबी   बातचीत                                                                                                                  अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में पहुंचकर इतिहास रचने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीएम को अपनी अंतरिक्ष यात्रा और अनुभवों के बारे में विस्तार से बताया। पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर उनकी उपलब्धि की सराहना की और कहा कि उनका अनुभव भारत के गगनयान मिशन के लिए बहुमूल्य साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने यह पूरी बातचीत का लगभग 10 मिनट का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किया।

गगनयान मिशन पर चर्चा                                                                                                    मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में भारत को 40-50 अंतरिक्ष यात्रियों का एक समूह तैयार करना होगा। इस पर शुभांशु शुक्ला ने बताया कि गगनयान मिशन को लेकर दुनिया भर में लोगों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि कई लोग उनसे भी ज्यादा इस मिशन के लिए उत्साहित दिखे।

अंतरिक्ष स्टेशन पर भोजन और चुनौतियाँ                                                                                        शुभांशु ने बातचीत में कहा कि अंतरिक्ष स्टेशन पर भोजन एक बड़ी चुनौती है। वहां जगह कम होती है और हर सामान बहुत महंगा होता है, इसलिए हमेशा इस बात का ध्यान रखना पड़ता है कि कम जगह में अधिक कैलोरी और पोषण कैसे पैक किया जाए। उन्होंने बताया कि इस दिशा में कई प्रयोग लगातार चल रहे हैं।

शारीरिक और मानसिक बदलाव                                                                                                  पीएम मोदी ने उनसे पूछा कि लंबी अंतरिक्ष यात्रा के बाद शरीर और दिमाग पर क्या असर पड़ता है। इस पर शुभांशु ने कहा कि अंतरिक्ष में पहुंचते ही दिल की गति धीमी हो जाती है और शरीर को नए माहौल में ढलने में चार-पांच दिन लग जाते हैं। वहीं, पृथ्वी पर लौटने के बाद चलने-फिरने तक में दिक्कत आती है।
उन्होंने कहा, “पहला कदम रखते ही मैं गिर रहा था। लोगों ने पकड़कर सहारा दिया। शरीर से ज्यादा दिमाग को री-ट्रेन करना पड़ता है, ताकि समझ सके कि चलने में कितनी ताकत लगानी है।”

पीएम मोदी का सवाल–जवाब                                                                                                  बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने शुभांशु से ISS के अंदर स्पेस और सीटिंग अरेंजमेंट के बारे में पूछा। इस पर शुभांशु ने कहा कि अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद हार्नेस खोलकर इधर-उधर घूम सकते हैं और काम कर सकते हैं। पीएम ने तुलना करते हुए पूछा कि क्या यह लड़ाकू विमान के कॉकपिट से ज्यादा बेहतर है, जिस पर शुभांशु ने जवाब दिया, “हां, उससे तो काफी अच्छा है।”