05 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: राम रहीम को फिर मिली पैरोल, इस बार 40 दिन की छूट; अब तक 14 बार जेल से बाहर, उठ रहे सवाल– “फिर जेल में क्यों रखा गया है?” डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। इस बार उसे 40 दिन की पैरोल मिली है। मंगलवार सुबह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच वह रोहतक की सुनारिया जेल से सिरसा स्थित अपने डेरे के लिए रवाना हो गया, जहां वह अपनी पैरोल के दौरान रुकेगा और 15 अगस्त को अपना जन्मदिन भी वहीं मनाएगा।
बार-बार मिल रही पैरोल पर उठे सवाल
राम रहीम को जेल से बार-बार मिली रिहाई को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। यह 14वां मौका है जब उसे पैरोल या फरलो के जरिए जेल से बाहर आने की इजाजत दी गई है। लोगों का सवाल है कि अगर राम रहीम को बार-बार बाहर लाना ही है, तो उसे जेल में रखा ही क्यों गया है?
समर्थकों में उत्साह, लेकिन भीड़ से किया परहेज
राम रहीम के बाहर आने से उसके समर्थकों में भारी उत्साह है, लेकिन उसने खुद अनुयायियों से अपील की है कि सिरसा डेरे पर भीड़ न जुटाएं। इससे पहले भी वह जब-जब पैरोल पर बाहर आया, सिरसा डेरे में ही रहा है। जनवरी 2025 में दिल्ली चुनाव से ठीक पहले 30 दिन की पैरोल, अप्रैल में 21 दिन की फरलो और अब अगस्त में 40 दिन की पैरोल – सभी अवसरों पर उसने डेरे को ही ठिकाना बनाया।
SGPC का विरोध, सरकार पर गंभीर आरोप
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) पहले ही राम रहीम को बार-बार जेल से रिहा करने पर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुकी है। SGPC और कई अन्य संगठनों का आरोप है कि सरकार राजनीतिक फायदे के लिए राम रहीम को रिहा कर रही है। जनता भी सरकार के इस रवैये से नाराज़ है और सोशल मीडिया पर सवाल उठा रही है।
कब-कब बाहर आया राम रहीम? (मुख्य तिथियां)
24 अक्टूबर 2020: 1 दिन की पैरोल
21 मई 2021: 48 घंटे की पैरोल
7 फरवरी 2022: 21 दिन की फरलो
17 जून 2022: 30 दिन की पैरोल
14 अक्टूबर 2022: 40 दिन की पैरोल
21 जनवरी 2023: 40 दिन की पैरोल
30 जुलाई 2023: 30 दिन की पैरोल
21 नवंबर 2023: 21 दिन की फरलो
19 जनवरी 2024: 50 दिन की पैरोल
13 अगस्त 2024: 21 दिन की फरलो
2 अक्टूबर 2024: 20 दिन की पैरोल
28 जनवरी 2025: 30 दिन की पैरोल
9 अप्रैल 2025: 21 दिन की फरलो
5 अगस्त 2025: 40 दिन की पैरोल (वर्तमान)
रणजीत सिंह हत्या मामले में बरी
28 मई 2024 को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने राम रहीम को रणजीत सिंह मर्डर केस में बड़ी राहत देते हुए बरी कर दिया था। सीबीआई की विशेष अदालत ने अक्टूबर 2021 में राम रहीम को इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसे हाईकोर्ट ने पलट दिया।
अब भी दो मामलों में सजा
हालांकि रणजीत सिंह केस में बरी होने के बावजूद राम रहीम अभी दो मामलों में दोषी है:
साध्वी यौन शोषण केस (2017): 20 साल की सजा
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड: उम्रकैद
इन दोनों मामलों में सजा बरकरार है, और राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। लेकिन बार-बार उसे पैरोल या फरलो मिलती रही है, जो न्याय व्यवस्था और सरकार की नीयत पर सवाल खड़े कर रही है।













