मंडी में बादल फटने से तबाही: तीन की मौ*त, कई गाड़ियां मलबे में दबीं — देखें दिल दहला देने वाली तस्वीरें

मंडी में बादल फटने से तबाही: तीन की मौ*त, कई गाड़ियां मलबे में दबीं — देखें दिल दहला देने वाली तस्वीरें

29 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Himachal Desk:  मंडी में बादल फटने से तबाही: तीन की मौ*त, कई गाड़ियां मलबे में दबीं, राहत कार्य जारी      हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बार फिर भारी बारिश ने कहर बरपाया है। सोमवार देर रात हुई मूसलधार बारिश के बाद मंडी शहर के जेल रोड इलाके में बादल फटने की घटना सामने आई, जिसमें तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। एक महिला का श*व मलबे में दबी गाड़ियों के बीच से कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया, जबकि एक महिला अब भी लापता बताई जा रही है।

भारी तबाही: दर्जनों गाड़ियां मलबे में दबीं
बाढ़ और भूस्खलन से दर्जनों छोटे-बड़े वाहन मलबे में दब गए हैं या बह गए हैं। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार बचाव अभियान चला रही हैं। कई लोगों को खिड़कियां तोड़कर सुरक्षित निकाला गया। जेल रोड, पैलेस कॉलोनी और जोनल अस्पताल के आसपास के इलाकों में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

शैक्षणिक संस्थान बंद, लोग डरे सहमे
मंडी सदर क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज मंगलवार को बंद रखे गए हैं। रातभर हुई तेज बारिश और मलबे के खौफ से शहरवासियों ने पूरी रात डर के साए में बिताई।

नेता मौके पर, मुख्यमंत्री ने जताया दुख
सुबह नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट, कमीश्नर रोहित राठौर और एसपी साक्षी वर्मा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए और कहा कि राज्य सरकार इस संकट में प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है।

भारी बारिश और भूस्खलन से सड़कें बाधित
चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है।

4 मील, 9 मील, दवाड़ा, झलोगी समेत कई इलाकों में मलबा आने से यातायात ठप है।

धर्मपुर लोनिवि मंडल कार्यालय और एसई कार्यालय के ऊपर भारी भूस्खलन हुआ है।

विक्टोरिया पुल के पास भी भूस्खलन की खबर है।

बीती रात मंडी में रिकॉर्ड बारिश
मंडी में बीती रात 198.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य प्रमुख वर्षा आंकड़े:

पंडोह: 124.0 मिमी

कटौला: 89.1 मिमी

देहरागोपीपुर: 74.0 मिमी

बरठीं, नादौन, ऊना: 72.0 मिमी

अन्य कई क्षेत्रों में 50 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
30 जुलाई से 4 अगस्त तक राज्य में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

जनता से अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और सतर्क रहें। उन्होंने राहत कार्यों में सहयोग कर रहे स्थानीय लोगों और स्वयंसेवी संगठनों का भी आभार जताया।