राज्य स्तरीय तीज महोत्सव की तैयारियां पूरी, अन्य जिलों से भी महिलाएं लेंगी हिस्सा

28 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Haryana Desk: राज्य स्तरीय तीज महोत्सव की तैयारी पूरी, अंबाला में पहली बार लगेगा भव्य पंडाल          अबाला सिटी में पहली बार आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय तीज महोत्सव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के लिए नई अनाज मंडी में भव्य हैंगर पंडाल तैयार किया गया है, जिसे गुरुग्राम से आए टेंट हाउस की टीम ने सजाया है। यह पंडाल चार हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें शेड नंबर एक और दो को जोड़ा गया है। पंडाल को तिरंगा थीम की चुनरी, रंग-बिरंगी छतरियों और पतंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया है।

इस विशेष आयोजन में करीब 10 हजार महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें अंबाला की लगभग चार हजार महिलाएं और अन्य जिलों से आने वाली महिलाएं शामिल होंगी।

महिलाओं और बच्चों के लिए लगाए गए 70 झूले
कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए गुरुग्राम से आए कारीगरों ने 70 झूले लगाए हैं। इसके अलावा पंडाल में विभिन्न विभागों की ओर से करीब 60 स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे, जिन पर सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। गर्मी को ध्यान में रखते हुए 200 से अधिक कूलर और पंखे भी पंडाल में लगाए गए हैं।

शौचालय की विशेष व्यवस्था
नगर निगम अंबाला के शौचालयों की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने कुरुक्षेत्र के थानेसर से मोबाइल शौचालय मंगवाए हैं। साथ ही बराड़ा नगर पालिका के शौचालय भी कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए हैं। हालांकि नगर निगम के कुछ शौचालय भी रामबाग ग्राउंड के पास से लाए गए हैं, जो कुछ टूटफूट की स्थिति में हैं, लेकिन अस्थायी रूप से उपयोग में लाए जाएंगे। पानी की टंकियों की व्यवस्था भी की जा रही है।

इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और आयोजकों ने दावा किया है कि यह तीज महोत्सव अंबाला के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन साबित होगा।