बन्नी नाला पार करने को मजबूर ग्रामीण, बच्चों को पीठ पर ढोकर तय कर रहे रास्ता

24 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर 

Himachal Desk:  बन्नी नाले में उफान, बच्चों को पीठ पर उठाकर पार कर रहे अभिभावक – पुल निर्माण की मांग अब भी अधूरी                                                                                                              भरमौर (चंबा)। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के बन्नी नाले ने एक बार फिर लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बारिश होते ही यह नाला उफान पर आ जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर इसे पार करना पड़ता है। बुधवार को भी नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे स्कूली बच्चों को अभिभावकों ने पीठ पर उठाकर नाला पार करवाया। यह नजारा आए दिन देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

बन्नी और भदरा गांव से मांधा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में पढ़ने जाने वाले दो दर्जन से अधिक बच्चे रोज़ इसी रास्ते से गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाले में अचानक पानी बढ़ने से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। एक बच्ची तो पानी में बहते-बहते बची थी, जिसे स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला।

स्थानीय निवासी राज कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, देसराज, किशन चंद सहित अन्य ने बताया कि कई बार सरकार व प्रशासन से नाले पर पुल बनाने की मांग की गई है, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहीं माता बन्नी का मंदिर स्थित है, जहां प्रदेशभर से श्रद्धालु शीश नवाने आते हैं। लेकिन नाले के जलस्तर में वृद्धि श्रद्धालुओं की राह में भी बड़ी बाधा बन जाती है।

उधर, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि मामला संज्ञान में लिया गया है और संबंधित विभाग को मौके पर जाकर हालात का जायजा लेने और उचित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक नाले पर स्थायी पुल नहीं बनता, तब तक खतरा हर बारिश के साथ बढ़ता रहेगा।