छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सेवा विस्तार, तीन महीने का मिला अतिरिक्त कार्यकाल

01 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk : मुख्य सचिव अमिताभ जैन को मिला तीन महीने का सेवा विस्तार, रिटायरमेंट से पहले सरकार का बड़ा फैसला                                                                                                              छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को रिटायरमेंट से ऐन पहले तीन महीने का सेवा विस्तार दे दिया है। 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने जा रहे जैन को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने मुख्य सचिव के पद पर यथावत बनाए रखने का फैसला लिया है। यह निर्णय सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक के बाद लिया गया, जिसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया को दी।

कौन हैं अमिताभ जैन?
अमिताभ जैन 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं।

वे 30 नवंबर 2020 को छत्तीसगढ़ के 12वें मुख्य सचिव नियुक्त हुए थे।

जैन का जन्म 21 जून 1965 को दुर्ग में हुआ और प्रारंभिक शिक्षा दल्ली राजहरा (बालोद) में हुई।

अविभाजित मध्यप्रदेश में 11वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप करने के बाद उन्होंने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग और फिर दिल्ली IIT से एमटेक की पढ़ाई की।

प्रशासनिक सफर:
अमिताभ जैन ने अपने करियर की शुरुआत जबलपुर में असिस्टेंट कलेक्टर के रूप में की।

इसके बाद उन्होंने नीमच, बैकुंठपुर और ग्वालियर सहित कई जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं।

मध्यप्रदेश में वे राजगढ़, छतरपुर और होशंगाबाद के कलेक्टर रहे।

छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद उन्होंने रायपुर और बिलासपुर में कलेक्टर के रूप में सेवा दी।

विभागीय जिम्मेदारियां:
मुख्य सचिव बनने से पहले वे राज्य के वित्त सचिव भी रहे।

वे वाणिज्य एवं उद्योग, लोक निर्माण, जनसंपर्क, आबकारी, वाणिज्यिक कर (जीएसटी), वन विभाग और राजभवन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

सेवा विस्तार के बाद अमिताभ जैन अब 30 सितंबर 2025 तक मुख्य सचिव बने रहेंगे। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक निरंतरता और अनुभव को प्राथमिकता देने वाला निर्णय माना जा रहा है।