अच्छी सेहत के लिए छोड़ दें रात का खाना? जानिए सच और सेहत पर असर

25 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Health Desk: क्या अच्छी सेहत के लिए रात का खाना छोड़ देना चाहिए? जानिए क्या कहती हैं रिसर्च और विशेषज्ञों की राय
फिटनेस पाने, वजन घटाने और शरीर को एक्टिव रखने की चाह में इन दिनों ‘डिनर स्किप करना’ यानी रात का खाना छोड़ना एक ट्रेंड बन चुका है। सोशल मीडिया और फिटनेस फोरम्स पर इसे हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा बताया जा रहा है। लेकिन सवाल यह है कि क्या रात का भोजन छोड़ना वाकई फायदेमंद है या सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है?

खाने का सही समय क्यों है ज़रूरी?
स्वस्थ जीवनशैली के लिए यह जानना जरूरी है कि सिर्फ ‘क्या खाएं’ नहीं, बल्कि ‘कब खाएं’ भी शरीर पर गहरा असर डालता है। विशेषज्ञों के अनुसार, नाश्ता सबसे महत्वपूर्ण भोजन होता है—जो भरपेट और पोषक होना चाहिए। दोपहर का भोजन हल्का और रात का खाना सबसे हल्का या जल्दी किया जाना बेहतर माना जाता है।

‘इंटरमिटेंट फास्टिंग’ से जुड़ा है डिनर स्किप करने का ट्रेंड
डिनर छोड़ने का चलन इंटरमिटेंट फास्टिंग के साथ तेजी से लोकप्रिय हुआ है। 16:8 फास्टिंग पैटर्न में लोग 16 घंटे उपवास करते हैं और 8 घंटे के खाने की खिड़की में केवल ब्रेकफास्ट और लंच करते हैं। इस पैटर्न को अपनाने वाले लोग रात का खाना पूरी तरह छोड़ देते हैं या बहुत जल्दी खाते हैं।

अध्ययन क्या बताते हैं?
‘सेल मेटाबॉलिज्म’ जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, खाने का समय सीमित करने और डिनर स्किप करने से कैलोरी इनटेक कम होता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ अलबामा के शोध में पाया गया कि शाम 7 बजे से पहले भोजन करने पर ब्लड शुगर स्तर बेहतर तरीके से नियंत्रित रहता है।

डिनर स्किप करने के फायदे और जोखिम
डिनर छोड़ने से वजन घटाने, ब्लड शुगर कंट्रोल और मेटाबॉलिज्म सुधार में कुछ हद तक मदद मिल सकती है, लेकिन विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि यह तरीका हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं है। रात का खाना न खाने से शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता, जिससे थकान, कमजोरी, मांसपेशियों की क्षति और इम्यून सिस्टम पर असर पड़ सकता है।

रात के समय शरीर कोशिकाओं की मरम्मत और निर्माण की प्रक्रिया में होता है। अगर शरीर को प्रोटीन और अन्य आवश्यक पोषक तत्व नहीं मिलते, तो यह प्रक्रिया बाधित हो सकती है।

किसे नहीं छोड़ना चाहिए डिनर?
विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ विशेष स्थितियों में डिनर स्किप करना जोखिम भरा हो सकता है:

डायबिटीज और लो ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए यह खतरनाक हो सकता है।

गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों के लिए पर्याप्त पोषण लेना जरूरी होता है।

महिलाओं में लंबे समय तक डिनर छोड़ने से हार्मोनल असंतुलन की आशंका रहती है।

क्या करें?
हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के अनुसार, डिनर छोड़ने का निर्णय व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है। बिना विशेषज्ञ की सलाह के भोजन छोड़ना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। यदि आप डिनर स्किप करने की सोच रहे हैं तो बेहतर होगा कि पहले किसी न्यूट्रिशनिस्ट या डॉक्टर से परामर्श लें और अपने शरीर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लें।