UP: सपा ने तीन विधायकों को किया पार्टी से बाहर, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और मनोज पांडेय पर कड़ी कार्रवाई

23 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Politics Desk:  सपा ने तीन विधायकों को पार्टी से निकाला, ‘जनविरोधी विचारधारा’ और भाजपा नजदीकी बनी वजह                                                                                                                        समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विधायकों—अभय सिंह (गोसाईंगंज), राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज) और मनोज कुमार पांडेय (ऊंचाहार)—को पार्टी से बाहर कर दिया। सपा ने इन विधायकों पर “सांप्रदायिक और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने” के साथ-साथ किसान, महिला, युवा, नौकरीपेशा और व्यापारी विरोधी नीतियों का समर्थन करने का आरोप लगाया।

सोशल मीडिया पर की गई घोषणा
सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि इन विधायकों की विचारधारा पार्टी के “पीडीए” (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे के खिलाफ है। पार्टी ने दावा किया कि इन नेताओं को सुधारने का अवसर भी दिया गया था, लेकिन वे नहीं बदले।

भाजपा से नजदीकी भी बनी कार्रवाई की वजह
विशेष रूप से विधायक मनोज पांडेय, जो कि पूर्व में सपा के मुख्य सचेतक भी रह चुके हैं, लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खेमे में दिखाई देने लगे थे। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के बाद से ही उनके रुख पर सवाल उठने लगे थे। यहां तक कि चुनाव से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह स्वयं उनके घर जाकर मुलाकात कर चुके थे।

सपा की चेतावनी
सपा ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि जो नेता पार्टी की मूल विचारधारा से भटकेंगे, उनके लिए संगठन में कोई जगह नहीं होगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि ‘जनविरोधी’ गतिविधियों में शामिल लोग भविष्य में भी बख्शे नहीं जाएंगे।

इस फैसले से यह संकेत भी गया है कि सपा अब पार्टी अनुशासन और विचारधारा के मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने के मूड में है, खासकर 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए।