एक्सियम-4 मिशन: शुभांशु की उड़ान से पहले ड्रैगन कैप्सूल में सुरक्षा को लेकर किए गए अहम बदलाव – स्पेसएक्स उपाध्यक्ष

10 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर 

International Desk: खराब मौसम के चलते एक्जियोम-4 मिशन का प्रक्षेपण टला, शुभांशु की उड़ान से पहले ड्रैगन कैप्सूल में हुए कई अहम बदलाव                                                                                  खराब मौसम के कारण अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर जाने वाले अंतरिक्ष यान एक्जियोम-4 (Axiom-4) मिशन का प्रक्षेपण अब 11 जून 2025 तक के लिए टाल दिया गया है। इस मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष की यात्रा पर जाएंगे।

ड्रैगन कैप्सूल में किए गए अहम बदलाव
स्पेसएक्स के बिल्ड एंड फ्लाइट रिलायबिलिटी के उपाध्यक्ष विलियम गेर्स्टनमेयर ने बताया कि ड्रैगन कैप्सूल को और अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए कई अहम तकनीकी बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा, “यह वही कैप्सूल नहीं है जिसे पहले उड़ाया गया था। हमने इसमें प्रणोदन से जुड़े कई हिस्सों को अपग्रेड किया है, ताकि इसकी उड़ान और भी सुरक्षित हो सके।” गेर्स्टनमेयर के अनुसार, स्पेसएक्स की टीमें लगातार मिशन के आंकड़ों की समीक्षा कर रही हैं और हर मिशन के बाद बेहतर परिणामों की दिशा में कदम उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में 38 दिनों के भीतर दो मानवयुक्त मिशनों समेत कई स्प्रिंग ड्रैग मिशन पूरे किए गए हैं।

2025 के लिए 170 कक्षीय मिशनों का लक्ष्य
उन्होंने यह भी कहा कि स्पेसएक्स 2025 में कुल 170 कक्षीय मिशनों का रिकॉर्ड तोड़ लक्ष्य लेकर चल रहा है, जिसमें से करीब 100 मिशन अभी और पूरे किए जाने बाकी हैं। “हम हर प्रक्षेपण से मिले डेटा का विश्लेषण करते हैं ताकि भविष्य में उड़ानों को और सुरक्षित बनाया जा सके,” उन्होंने कहा।

मौसम की स्थिति और प्रक्षेपण में देरी
यूएस स्पेस फोर्स के 45वें वेदर स्क्वाड्रन के लॉन्च वेदर ऑफिसर जिमी टेगर ने कहा कि फिलहाल फ्लोरिडा के ऊपर एक उच्च दबाव प्रणाली बनी हुई है, जो हवा की दिशा और बारिश की संभावना को प्रभावित कर रही है। हालांकि, बुधवार और गुरुवार को मौसम में कुछ सुधार की उम्मीद है, लेकिन संभावित बारिश पर नजर रखी जा रही है।

इसरो ने दी नई तारीख की जानकारी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने सोमवार शाम जानकारी दी कि एग्जियोम-4 मिशन का प्रक्षेपण अब 11 जून 2025 को शाम 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार) प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस मिशन में भारत, पोलैंड और हंगरी की साझेदारी है, और यह उन देशों के लिए भी अहम माना जा रहा है। विलियम गेर्स्टनमेयर ने इन सभी देशों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताया। यह मिशन न केवल अंतरिक्ष में अंतरराष्ट्रीय सहयोग का प्रतीक है, बल्कि भारत के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण होने जा रहा है।