विधायक रामकुमार गौतम के घर शोक सभा में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा रविवार को नारनौंद में भाजपा विधायक रामकुमार गौतम के आवास पर पहुंचे। वे विधायक के भाई एडवोकेट देवेंद्र गौतम के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। विधायक गौतम की अनुपस्थिति में मंत्री ने करीब 20 मिनट तक रुककर प
।
इसके बाद डॉ शर्मा नारनौंद अनाज मंडी में नगर पालिका के नए चेयरमैन शमशेर लोहान की दुकान पर गए। वहां आढ़तियों की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को गेहूं की समय पर खरीद और लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधानसभा के बजट सत्र में भिड़े थे दोनों नेता
यह मुलाकात विशेष महत्व रखती है क्योंकि हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र में दोनों नेता आपस में भिड़ गए थे। विवाद गोहाना की जलेबी को लेकर शुरू हुआ था। मंत्री शर्मा द्वारा गोहाना की जलेबी की प्रशंसा पर विधायक गौतम ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इस पर मंत्री ने विधायक के बारे में एक विवादित टिप्पणी कर दी थी।
हालांकि, कुछ दिन बाद मंत्री शर्मा ने अपना रुख बदलते हुए एक वीडियो जारी किया। उन्होंने सदन में हुई घटना पर खेद जताया और कहा कि विधायक गौतम उनके लिए आदरणीय हैं और उनका सम्मान हमेशा बना रहेगा। आज की यह मुलाकात दोनों नेताओं के बीच सुलह की ओर एक कदम माना जा रहा है।

भाजपा विधायक रामकुमार गौतम के भाई एडवोकेट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा।
रामकुमार गौतम ने लगाए आरोप रामकुमार गौतम ने भरे सदन में अपनी सरकार के मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए थे। रामकुमार गौतम ने आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ. अरविंद शर्मा ने लोगों से पेट्रोल पंप दिलवाने के नाम पर पैसे लिए हैं। मेरे एक रिश्तेदार से 10 लाख रुपए लिए थे। इस बात पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ था। इसके बाद स्पीकर हरविंदर कल्याण ने इस पूरे वाकये को सदन की कार्रवाई से हटा दिया था।
भाजपा के मंत्री और MLA का पूरा विवाद, 6 पॉइंट्स में पढ़िए…
1. सदन में गोहाना की जलेबी की चली चर्चा
विधानसभा में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने गवर्नर के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए कहा, हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार आने में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और नायब सैनी का बहुत बड़ा योगदान है। नायब सैनी का जो पहला थोड़े टाइम का टर्म था, उस दौरान कुछ ऐसे फैसले उन्होंने लिए जिससे लोगों में पार्टी के प्रति विश्वास पैदा हुआ और लोग बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में ले आए।
शर्मा ने आगे कहा- हरियाणा के चुनाव में गोहाना की जलेबी का भी जिक्र हुआ, यह यहां ही नहीं रुका। ये चर्चा महाराष्ट्र पहुंची, फिर दिल्ली पहुंची और अभी ये रुकी नहीं है, ये चलती रहेगी। इस जलेबी से ऐसा माहौल बना है कि कोई दिल्ली की जलेबी खिला रहा है, यूपी की खिला रहा है, ये जलेबी का भाईचारा है, न जाने कहां जाकर रूकेगी।
2. स्पीकर बोले- मेरे मुंह में पानी आ गया
मंत्री की बात सुनकर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा- आपने गोहाना की जलेबी का बार-बार नाम लेकर मुंह में पानी ला दिया, लेकिन ये नहीं बताया कि आप खिलाओगे कब। इस पर कैबिनेट मंत्री ने सदन में घोषणा की कि गोहाना की जलेबी पार्टी मेरी ओर से दी जाएगी।
3. MLA गौतम ने जलेबी की शुद्धता पर सवाल उठाए
इस चर्चा के बीच सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने गोहाना की जलेबी की शुद्धता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- गोहाना की अब जलेबी शुद्ध नहीं रहीं। अब देसी घी में नहीं डालडा में बनाई जाती हैं। इसके लिए उन्होंने एक दुकान की पूरी कहानी भी सुनाई।
4. मंत्री बोले- गौतम 10 किलो गोबर पी गए थे, कादियान बोले- गरिमा बनाकर रखो
इसके जवाब में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा- ये पता नहीं किस किस दुकान पर चले जाते हैं। ये जलेबी मुख्यमंत्री ने उतारी थीं। इनके बारे में कई चर्चाएं हो रही हैं, ये तो शर्त लगाकर दस किलो गोबर तक पी गए थे। भाजपा के मंत्री और विधायक के बीच हो रही इस बहस में कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान भी कूद पड़े। उन्होंने कहा- इस सदन की गरिमा को बनाए रखें। इतना मत ढील छोड़ो कि ये हाल हो जाए।
5. गौतम बोले- मेरे रिश्तेदारों के पैसे मार गया
इसके बाद सदन में फिर से रामकुमार गौतम बोले- इस डॉक्टर ने तो सैकड़ों लोगों के साथ फ्रॉड किया है, कितने लोगों के पैसे खा गया पंप दिलवाने के नाम पर, न जाने कितनों के पैसे लेकर मार गया, मेरे रिश्तेदार के भी डेयरी फॉर्म के 10 लाख रुपए लिए थे, लेकिन वह नहीं दिए। इसके बाद कांग्रेस के विधायक रघुवीर सिंह कादियान ने आपत्ति जताई।
इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि इसे रिकॉर्ड नहीं किया जाएगा।
6. अरविंद शर्मा बोले- ये एक भी आरोप साबित कर दें, मैं राजनीति छोड़ दूंगा
रामकुमार गौतम के लगाए गए आरोपों पर अरविंद शर्मा ने ऐलान किया कि यदि वह लेन-देन की एक भी बात सिद्ध कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। इसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने पूरे मामले को शांत कराया, लेकिन गौतम काफी हंगामा करते रहे। स्पीकर अपनी चेयर से बोले, दादा गौतम नो, आई विल नॉट अलाऊ। कांग्रेस की आपत्ति पर हरविंद्र कल्याण ने इसको रिकॉर्ड में नहीं लेने की बात कही।











