– 23 करोड़ की लागत से बनी नहर: विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी
– किसानों ने लड्डू बांटकर जताई खुशी, विधायक और सरकार का किया धन्यवाद
जलालाबाद, 15 मई, 2025 Fact Recorder
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए सुहेले वाला माइनर नहर में पानी की सप्लाई शुरू कर दी है। इलाके के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है, क्योंकि यह परियोजना बीते 40 वर्षों से अधर में लटकी हुई थी, जिसे अब विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी की कोशिशों और सरकार के सहयोग से पूरा किया गया है।
किसानों ने लड्डू बांटकर इस खुशी को मनाया और सरकार व विधायक का धन्यवाद किया।
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस नहर के निर्माण पर 23.6 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह नहर सुहेले वाला रजबहा मेन ब्रांच से निकाली गई है, जिसकी लंबाई 13.96 किलोमीटर और क्षमता 36.35 क्यूसेक है। यह प्रोजेक्ट चार दशकों से अधूरा पड़ा था और पिछली सरकारों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया था। लेकिन अब मौजूदा सरकार ने इसे पूरा कर इलाके के किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर दी है।
इस नहर के माध्यम से लगभग 5500 एकड़ भूमि की सिंचाई की जा सकेगी। इससे चक्क सुहेले वाला, चक्क जानिसर, लड्डू वाला उताड़, चक्क ढाब खुशहाल जोहिया, चक्क पंज कोही, चक्क कबर वाला, चक्क गुलाम रसूल वाला, चक्क बलोचां और बाहमनी वाला जैसे गांवों को लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही नहर के रास्ते में आने वाले पुल, सायफन, झाल, हेड रेगुलेटर और नहर क्रॉसिंग पर अंडरग्राउंड पाइपलाइन की सुविधा भी प्रदान की गई है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मान की सरकार किसानों को खेतों तक पूरा नहरी पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि नहर के पानी से खेतों की सिंचाई होने से भूमिगत जल के दोहन में कमी आएगी और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
