26 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: साउथ और बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकीं राशि खन्ना इन दिनों करियर के मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। उनकी लगातार दो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाईं, जिससे उनके करियर की रफ्तार पर असर पड़ा है।
हाल ही में पवन कल्याण के साथ आई फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। करीब 150 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का कलेक्शन एक हफ्ते में लगभग 90 करोड़ रुपये के आसपास ही रहा। इससे पहले 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘तेलुसु काडा’ भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी, जिसने अपने बजट के मुकाबले काफी कम कमाई की।
राशि खन्ना ने अपने करियर की शुरुआत 2014 में जॉन अब्राहम की फिल्म ‘मद्रास कैफे’ से की थी। इसके बाद उन्होंने साउथ इंडस्ट्री में कई फिल्मों में काम कर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
हालांकि हालिया असफलताओं के बावजूद उनके पास अभी भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। वह ‘राउडी एंड को’ और ‘तलाखों में एक’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास ‘ब्रिज’ नाम की हिंदी फिल्म भी है और डायरेक्टर अनीस बज्मी की एक अनटाइटल्ड फिल्म भी उनकी झोली में है।
खास बात यह है कि अब राशि खन्ना एक बार फिर बॉलीवुड की ओर रुख करती नजर आ रही हैं, जहां उनकी तीन फिल्में पाइपलाइन में हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इन नए प्रोजेक्ट्स के जरिए बॉक्स ऑफिस पर वापसी कर पाती हैं या नहीं।













