सात परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, निर्धारित समय पर पहुंचना अनिवार्य
मंडी, 8 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: जिला मुख्यालय मंडी में 12 अप्रैल (रविवार) को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए और एनए (I) तथा सीडीएस (I), 2026 की लिखित परीक्षा सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 1587 अभ्यर्थी भाग लेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं तथा अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि सीडीएस (I), 2026 की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-001) तथा वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-002) शामिल हैं। यह परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक तथा तीसरा सत्र सायं 4 बजे से 6 बजे तक रहेगा।
इसी प्रकार एनडीए और एनए (I), 2026 की परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी (उप केंद्र-003), राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी (उप केंद्र-004), इंडस ग्लोबल स्कूल गागल रोड (उप केंद्र-005), द फीनिक्स स्कूल बैहना (उप केंद्र-006) तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बॉयज) भंगरोटू (उप केंद्र-007) शामिल हैं। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक रहेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे परीक्षा आरम्भ होने से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें तथा अपने साथ ई-एडमिट कार्ड अवश्य लाएं। बिना ई-एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।













