24 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: केंद्र सरकार करेगी यूपी-गुजरात में उड़द व मूंगफली की 100% खरीद, किसानों को सीधे बैंक खाते में मिलेगा भुगतान |किसानों को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने खरीफ 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश और गुजरात से प्रमुख दलहन और तिलहन फसलों की शत-प्रतिशत खरीद का ऐलान किया है। इसमें यूपी से मूंग, तिल, मूंगफली और गुजरात से सोयाबीन, मूंग व मूंगफली की खरीद शामिल है। इस प्रक्रिया से करीब 13,890.60 करोड़ रुपये की उपज खरीदी जाएगी, जिससे लाखों किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में यूपी के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और गुजरात के कृषि मंत्री राघवजी पटेल भी शामिल हुए। बैठक में यह तय हुआ कि पूरी खरीद प्रक्रिया आधुनिक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, पीओएस मशीनों और डिजिटल पोर्टलों के जरिए पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
मंत्री चौहान ने साफ किया कि असली किसानों से ही खरीद हो, बिचौलियों को कोई फायदा न मिले। इसके लिए ई-समृद्धि और ई-संयुक्ति पोर्टलों का इस्तेमाल होगा ताकि किसानों का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच सके।
इस फैसले से न सिर्फ किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलेगा, बल्कि दलहन-तिलहन उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।













