अंबाला से कालका तक चलेंगी ई बसें:चंडीगढ़ होते हुए पूरी करेंगी यात्रा; नौकरी वालों व छात्रों को मिलेगा लाभ


हरियाणा के अंबाला से जल्द ही चंडीगढ़ और कालका की सड़कों पर अंबाला डिपो की इलेक्ट्रिक बसें दौड़ना शुरू हो जाएंगी। इसके लिए जल्द ही इन मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों के परीक्षण किए जाएंगे। बसों के संचालन से पहले रोडवेज के अधिकारी इलेक्ट्रिक बस के मार्गों का आंकलन भी करेंगे। परीक्षण सफल होने के बाद अंबाला कैंट बस अड्डे से बसें पंचकूला, चंडीगढ़ और कालका की तरफ संचालित कर दी जाएंगी।
अंबाला से बसों के संचालन से लोगों की काफी पुरानी मांग तो पूरी होगी ही, साथ ही नौकरी पेशा, छात्र और अन्य यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा इस मार्ग के यात्रियों को और भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मौजूदा समय में एक इलेक्ट्रिक बस का सिर्फ जीरकपुर तक ही संचालन हो रहा है। ऐसे में पंचकूला के लिए यात्रियों को जीरकपुर से दूसरी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। रोजाना सैंकड़ों यात्री करते हैं सफर अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, नीलोखेड़ी, यमुनानगर, शाहबाद व अन्य जिलों से रोजाना सरकारी, गैर सरकारी, छात्र और यात्री सैंकड़ों की संख्या में पंचकूला, चंडीगढ़ और कालका के लिए सफर करते हैं। इसके बाद डयूटी समाप्त कर शाम को वापिस घर लौटते हैं। सुबह और शाम के समय अधिकतर हरियाणा रोडवेज की बसों में यात्री खचाखच भरे रहते हैं। वहीं इन मार्गों पर बसों की संख्या काफी कम है। यात्रियों को मिलेगी राहत इन मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां पर्यावरण संरक्षित रहेगा, वहीं यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी। इससे अंबाला डिपो के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। मौजूदा समय में अंबाला डिपो के पास पांच इलेक्ट्रिक बसें हैं। इसमें अंबाला सिटी और अंबाला छावनी की बीच दो बसों का संचालन हो रहा है। इसके साथ ही एक बस अंबाला सिटी से तोपखाना और कलरहेड़ी मार्ग पर तथा चौथी बस अंबाला सिटी से बोह-बब्याल के बीच संचालित हो रही है। वहीं, पांचवीं इलेक्ट्रिक बस अंबाला सिटी से वाया अंबाला छावनी जीरकपुर के लिए चलाई जा रही है जबकि अंबाला सिटी और अंबाला छावनी मार्ग पर लगाई गई दो बसों में से एक बस को पंचकूला में परीक्षण के तौर पर चलाया जा रहा है।